कमेटी ने किया थर्मल का निरीक्षण, आज रावतभाटा-झालावाड़ जाएगी
कोटा| कोटा सुपर पावर थर्मल की कार्य प्रणाली को लेकर एजी रिपोर्ट में बने पैरों व यहां के उत्पादन तथा मशीनरी की स्थिति की जांच के लिए पीयूसी पब्लिक अंडर टेकिंग कमेटी के सदस्य मंगलवार को कोटा पहुंचे। टीम ने थर्मल के अंदर बिजली बनने से लेकर इसमें काम आने वाले काेयले व अन्य सामग्री, राख का डिस्पोजल और कोयले की क्वॉलिटी, प्रदूषण की जांच। उसे रोकने के लिए गए उपायों की जानकारी ली। अब कमेटी अधिकारियों को जवाब देने के लिए जयपुर बुलाएगी।
कमेटी के अध्यक्ष विधायक मोहन लाल गुप्ता ने बताया कि प्लांट का निरीक्षण करने के साथ ही कोल प्लांट भी देखा। यह भी जानकारी ली कि घाटे में चल रहा प्लांट फायदे में कैसे आया। उन्होंने कहा कि यदि यहां पर उपयोग होने वाली दस प्रतिशत बिजली खर्च पर नियंत्रण पाया जाए तो यह और फायदे में आ सकती है। टीम बुधवार को रावतभाटा और फिर झालावाड़ पहुंचकर वहां के बिजली उत्पादन संयंत्रों को देखेगी। कमेटी में गुप्ता के अलावा मंजू बागचा, अल्का सिंह, दलीतचंद, गौतम कुमार, शुभकरण चौधरी आदि शामिल रहे।