आजीविका मिशन से जुड़े युवा भी करेंगे डेंगू रोकथाम में सहयोग
कोटा| राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (आरएसएलडीसी ) से जुड़े युवा भी अब कोटा शहर में डेंगू की रोकथाम में सहयोग करेंगे। इनकी ट्रेनिंग करवाई जा रही है। सीएमएचओ डॉ. आरके लवानिया ने बताया कि स्किल डवलपमेंट की ट्रेनिंग ले रहे 60 से ज्यादा युवाओं को ट्रेंड कर रहे हैं। इन युवाओं के साथ हमारी टीमें अब शहर उन क्षेत्रों में जाकर एंटी लार्वा एक्टिविटी करेगी, जहां से डेंगू के कम केस आ रहे हैं। हाल ही में दो दिन के लिए भीमगंजमंडी व कुन्हाड़ी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया है। हम हर नए केस पर निगरानी रखे हुए हैं और प्रयास यह कर रहे हैं कि इसी वक्त डेंगू के मच्छर की साइकिल को तोड़ दिया जाए। क्योंकि बारिश में तापमान अनुकूल होने के बाद मच्छर का प्रजनन रोक पाना मुश्किल होता है। इन 60 युवाओं के साथ विभाग की आशाएं, एएनएम व आईडीएसपी की टीम भी काम करेगी।