महावीर नगर थर्ड में हुआ हादसा, पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
क्राइम रिपोर्टर। कोटा
घर के बाहर से गुजर रही 11 केवी की लाइन ने एक मासूम की जान सांसत में डाल दी। मासूम बच्चा 11 केवी की लाइन की चपेट में आ गया, लेकिन किस्मत ने उसे बचा लिया। मासूम इस हादसे के बाद 35 प्रतिशत झुलस गया। परिजनों ने उसे तलवंडी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। हादसा महावीर नगर तृतीय में हुआ, जहां बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। यहां पहले भी ऐसे हादसे हो चुके, लेकिन विभाग और बिजली कंपनी ने कोई सुध नहीं ली।
महावीर नगर निवासी रिछपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा शौर्य सिंह गुरुवार को अपनी छत पर खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने पर्दे का पाइप पकड़ लिया जो वहां से गुजर रही 11 केवी की बिजली की लाइन से जा टकराया। जैसे ही पाइप लाइन से टकराया तेज आवाज हुई और शौर्य करंट के झटके से दूर जा गिरा। परिजनों ने बमुश्किल उसे छुड़ाया और तुरंत अस्पताल ले गए। सूर्य सिंह का इलाज तलवंडी के निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि सूर्य से 35 प्रतिशत से ज्यादा जल चुका है।
अधिकारियों से की शिकायत, सुनवाई नहीं हुई
रिछपाल सिंह का आरोप है कि उन्होंने हर स्तर के अधिकारी से घर के बाहर झूल रहे तारों की शिकायत की है, लेकिन आज तक कोई भी सुनवाई नहीं हुई है। कुछ माह पहले यहां पर गुर्जर समाज के एक बच्चे की ऐसे ही करंट से चिपकने से मौत हुई थी। वहीं, कुछ साल पहले उनकी प|ी को भी करंट लग चुका है। मोहल्लेवासी काफी परेशान रहते हैं। रिछपाल सिंह का कहना है कि अब वह विभागीय अधिकारियों के भरोसे चुप नहीं बैठेंगे। वह इस मामले में मुकदमा भी दर्ज करवाएंगे और कोर्ट में कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।