अनिता की मदद को आगे आए युवा, पिता को सौंपी सहायता राशि
कोटा| वैष्णवी के बाद अनंतपुरा की अनिता प्रजापति की मदद के लिए भी शहर के युवा आगे आए हैं। एप्लास्टिक एनीमिया की शिकार अनिता के बोनमेरो ट्रांसप्लांट के लिए भारत सरकार ने 7 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। एम्स, नई दिल्ली के हीमेटोलॉजी विभाग ने उसे एडमिट करने के लिए 24 मई की डेट दी है। पिता प्रहलाद प्रजापति दिल्ली आने-जाने तथा वहां रहने के लिए जरूरी खर्चे की व्यवस्था में लगे हुए थे। प्रहलाद के मुताबिक, सरकार से स्वीकृत राशि एम्स में जमा कराई जा चुकी है, लेकिन वहां कई दिन तक अनिता को भर्ती रहना पड़ेगा, ऐसे में रोजाना के छिटपुट खर्चों के लिए पैसों की जरूरत थी। प्रहलाद अपने स्तर पर पैसों के इंतजाम में लगे थे, लेकिन भास्कर के बुधवार के अंक में छपी खबर को पढ़कर शहर के युवा आगे आए और उन्होंने उसके पिता को 43 हजार 100 रुपए नकद सौंप दिए। टीम जीवनदाता व टीम जीवनरक्षक के सदस्यों ने अनिता के लिए अपने क्लब व अन्य लोगों से सहयोग राशि एकत्र की। वहीं राठौर सोशल ग्रुप ने 10 हजार रुपए की सहयोग राशि दी। स्कूली छात्र नमन अपनी गुल्लक की जमा राशि अनिता के पिता को सौंप गया। सहयोग राशि प्राप्त करने के बाद भावुक प्रहलाद ने एक बार फिर पूरे शहर के लोगों का शुक्रिया कहा कि मुझे फिलहाल इससे ज्यादा रुपयों की जरूरत नहीं रहेगी। सभी दुआ कीजिए कि बेटी का ऑपरेशन ठीक हो जाए, वह स्वस्थ होकर लौटे।