7 घंटे पानी को तरसे नयापुरा, स्टेशन व बोरखेड़ा क्षेत्र के लोग
भीषण गर्मी में बुधवार को नयापुरा, स्टेशन, बोरखेड़ा इलाके लोग सात घंटे तक पेयजल के लिए तरसे। जिन्हें रात 9 बजे के बाद पानी मिला।
जलदाय विभाग के एईएन वीपी तिवारी ने बताया कि दोपहर के समय सूचना केंद्र के पास रघुनाथ हॉस्टल के यहां 24 इंच मोटी लाइन का ज्वाइंट में लीकेज हो गया था। ऐसे में दोपहर 2 बजे सकतपुरा 130 एमएलडी प्लांट से पानी की सप्लाई बंद की और पाइप लाइन के ज्वाइंट की रिंग को बदला। उसके बाद रात 9 बजे पानी की सप्लाई चालू की। इस दौरान लाडपुरा, करबला, नयापुरा, सिविल लाइन, दोस्तपुरा, खेड़ली फाटक, स्टेशन संपूर्ण क्षेत्र, पटरी पार क्षेत्र, आकाशवाणी, पुलिस लाइन, बजरंगनगर, बोरखेड़ा इलाके के लोगों को पानी नहीं मिला। वहीं मिनी अकेलगढ़ के जलापूर्ति क्षेत्र के टेल वाले इलाके के लोगों की शिकायत थी, उन्हें रात 10:30 बजे पानी नहीं मिला।