एमबीएस अस्पताल में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। अब अस्पताल की स्टाफ पार्किंग से संविदा कर्मी की बाइक अज्ञात बदमाश चुराकर ले गए। अस्पताल में बढ़ती चोरी के विरोध में शुक्रवार को संविदा कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। इसका खामियाजा मरीजों व तीमारदारों को भुगतना पड़ा। उन्हें परामर्श पर्ची व जांच रसीद के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इस वजह से सुबह के आउटडोर समय में करीब 2 घंटे तक अस्पताल में अव्यवस्था का आलम रहा। जानकारी के अनुसार सुबह ड्यूटी पर आए संविदा कर्मी की बाइक को अज्ञात बदमाश चुरा कर ले गया। उसने इसकी जानकारी अपने साथियों को दी। इसके बाद सभी रजिस्ट्रेशन व कैश काउंटर के संविदाकर्मियों ने काम बंद कर दिया और अस्पताल गेट के बाहर एकत्र हो गए। इससे पर्ची व कैश काउंटर बंद हो गए। मरीज व तीमारदार पर्ची और जांच रसीद लेने के लिए कतारों में लगे रहे।
7 दिन में 3 बाइक हो चुकी चोरी, स्टैंड संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
संविदाकर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार
इधर, संविदा कर्मियों का कहना है कि पिछले 7 दिनों में स्टाफ पार्किंग से 3 बाइक चोरी हो चुकी है। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने इस पर ध्यान नहीं दिया और ना ही पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई कर पा रहा। ऐसे में कार्य बहिष्कार करना पड़ा। बाद में जब संविदा कर्मी अधीक्षक के पास पहुंचे तो उन्होंने कहा कि इस मामले में साइकिल स्टैंड संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कार्य बहिष्कार करने पर संविदाकर्मियों से कड़ी नाराजगी भी जताई।