राउंड के दौरान वार्ड से बाहर जाने के लिए कहा तो हुआ विवाद
हैल्थ रिपोर्टर|कोटा
एमबीएस अस्पताल के महिला मेडिकल वार्ड में शुक्रवार को राउंड के दौरान डॉक्टर व तीमारदार के बीच हुई विवाद के बाद हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि डॉक्टर ने तीमारदार को थप्पड़ जड़ दिया। आक्रोशित मरीज और तीमारदार के परिजन अस्पताल अधीक्षक के पास शिकायत लेकर पहुंच गए। बाद में चिकित्सक द्वारा माफी मांगने पर मामला शांत हुआ।
मेडिसिन विभाग की यूनिट हेड डॉ. दीप्ति शर्मा अपनी टीम के साथ महिला मेडिकल वार्ड में राउंड पर थीं। उस दौरान वार्ड में सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं थे और वार्ड में भीड़ ज्यादा थी। डॉक्टर ने वार्ड से तीमारदारों को बाहर जाने को कहा तो कुछ तीमारदारों ने विरोध जताया। इसी बीच कहासुनी हुई तो उनकी यूनिट के डॉ. ज्ञानचंद चौधरी ने लाडपुरा निवासी इरफान के थप्पड़ जड़ दिया। इरफान की दादी शबनम दो दिन से इसी वार्ड में भर्ती है। डॉक्टर द्वारा थप्पड़ मारने के बाद माहौल गरमा गया। तीमारदार के परिजन शिकायत लेकर अधीक्षक के पास पहुंच गए। बाद में डॉक्टर द्वारा माफी मांगने पर मामला शांत हुआ। तीमारदार महिला का कहना है कि वार्ड में जब से उनकी परिचित भर्ती है, तब से स्टाफ बदतमीजी करता है और उनकी केयर करने में भी परेशान करता है। वहीं यूनिट हेड डॉ. दीप्ति शर्मा का कहना है कि राउंड के दौरान परिजनों को कई बार बोलने के बावजूद भी बाहर नहीं जा रहे थे। ऐसे में ट्रेनिंग पर आए डॉक्टर की परिजन से बहस हो गई और उन्होंने हल्के हाथ से मरीज को लगा दी।