कोटा। तलवंडी स्थित टीटी हॉस्पिटल को कब्जे में लेने संबंधी एसीबी कोर्ट के आदेश प्रशासन को मिल गए हैं। कोर्ट की आदेश मिलने के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. गिरीश वर्मा ने नए अस्पताल के अधीक्षक डॉ. देवेंद्र विजयवर्गीय तथा एमबीएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. नवीन सक्सेना ने रविवार को अस्पताल का जायजा लिया और इसे संचालित करने के लिए संभावनाएं तलाशी। अधिकारियों ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधन, बैड क्षमता, लैब व अन्य जांचों की सुविधा आदि के बारे में जानकारी भी ली। अब यह दल अपनी रिपोर्ट प्रशासन को देगा। कलेक्टर गौरव गाेयल ने कहा कि कोर्ट के आदेश हमें मिल गए हैं, इसके तीन माह का समय दिया गया है। उम्मीद है कि हम इससे पहले ही सारी कार्रवाई कर लेंगे। इसी के तहत प्रिंसिपल को वहां भेजा गया था। उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। गौरतलब है कि सरकारी नौकरी में रहते हुए अवैध आय के मामले में एसीबी कोर्ट ने टीटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. आरपी शर्मा, उनकी प|ी समेत 7 आरोपियों को सजा सुनाई थी।