कोटा| लहसुन की खरीद खत्म होने वाली है, लेकिन किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को कुछ किसानों ने हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि खरीद की तारीख के सीरियल बदल दिए गए हैं। जिनका नंबर आना चाहिए था, उनकी जगह दूसरों के नंबर आ गए हैं। एक महीने से तारीख का इंतजार कर रहे किसानों को रोज मायूस होना पड़ रहा है। कुछ देर के लिए खरीद भी रोकी गई। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
देवपुरा के रामदयाल ने बताया कि अभी तक सीरियल 29 हजार से चल रहा था। शुक्रवार तक 30508 रजिस्ट्रेशन वाले को तारीख दी गई। शनिवार से अचानक 16 हजार का क्रम शुरू कर दिया। यह वे किसान हैं, जिन्होंने सरसों व चने का रजिस्ट्रेशन करवाया था। इससे 30 हजार नंबर वाले किसानों के आगे लहसुन बेचने का संकट आ गया है। किसानों ने एक-एक महीने से लहसुन का रजिस्ट्रेशन करवाया हुआ है। वे बार-बार यहां आ रहे हैं, लेकिन उनको कोई संतोषप्रद जवाब भी नहीं दे रहा है। इसके चलते यहां केंद्र पर हंगामा किया गया। अधिकारियों से बात की तो वे भी इस बारे में कुछ नहीं कर रहे हैं। गलाना के किसान कजोड़ी लाल ने बताया कि वे रोज मोबाइल पर मैसेज देखते हैं, लेकिन उनके पास कोई मैसेज नहीं अा रहा है और जिन किसानों ने चने व सरसों का रजिस्ट्रेशन करवाया था। उनकी खरीद अचानक से शुरू कर दी। ऐसे में 30000 से ऊपर वाला किसान कहां जाएगा। 31 मई तक ही खरीदी होगी। ऐसे में किसान तो बेमौत मारा जाएगा।
किसान मोर्चा ने भी की अधिकारियों से बात
किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री मुकुट नागर व जिलाध्यक्ष राकेश चौहान मंडी पहुंचे व किसानों की समस्या सुनी। उन्होंने राजफेड के तेज सिंह निर्वाण मार्केटिंग बोर्ड के रजिस्ट्रार बीना बैरवा से मुलाकात की। मुकुट नागर ने सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक व राजफेड एमडी बीना प्रधान से जयपुर बात की। प्रधान ने बताया कि यह तकनीकी मिस्टेक से हुआ है। इसे आज से सही करवा दिया जाएगा।