कोटा| पिछले तीन दिन से पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे छह कॉलोनियों के लोगों ने परेशान होकर गुरुवार को शॉपिंग सेंटर स्थित जलदाय कार्यालय पर प्रदर्शन कर मटके फोड़े। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों को चेतावनी दी कि 48 घंटे में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें ऑफिस में नहीं बैठने दिया जाएगा। उनके घरों के कनेक्शन भी बंद कर दिए जाएंगे।
पूर्व पार्षद प्रकाश मलकानी ने बताया कि वार्ड 45 व 64 के सिंधी कॉलोनी, शॉपिंग सेंटर, न्यू कॉलोनी, टीचर्स कॉलोनी,वल्लभनगर, अशोका कॉलोनी सहित आस पास के क्षेत्र में काफी समय से पानी की समस्या बनी हुई है। शहर के बीच में होने के बावजूद यहां पर पर्याप्त दबाव से पानी नहीं मिल रहा है। पिछले तीन दिन से तो यहां नलों सेे एक बूंद पानी नहीं आ रहा है। इससे नाराज स्थानीय नागरिक व महिलाएं झूलेलाल मंदिर पर एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए शॉपिंग सेंटर स्थित कार्यालय पहुंची। यहां प्रदर्शन करते हुए मटकियां फोड़ी व नारेबाजी की। कार्यालय में मौजूद एईएन प्रवीण चौहान को पानी की समस्या के लिए खरी-खरी सुनाई गई। उन्होंने कहा कि 48 घंटे में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सभी बड़े अधिकारियों के यहां पहुंचकर उनके घरों के पानी के कनेक्शन काट देंगे। एईएन प्रवीण चौहान ने बताया कि दो दिन पहले यहां बिजली विभाग ने शटडाउन लिया था, जिससे समस्या हुई थी।