हादसे में बाइक सवार 4 जने घायल, डॉक्टर नहीं मिले, एसडीएम ने डांटा
लाखेरी| रेलवे स्टेशन मार्ग पर निर्माण विभाग के कार्यालय के सामने बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें महिला व 5 साल का बच्चा व दो युवकों के चोटें आई है। पुलिस के अनुसार बोलेरो तेज गति में थी। बाइक सवार बनवारी, कालू, कृष्णा, मनोहरीबाई प|ी महावीर घायल हुए। बनवारी को गंभीर चोट होने के चलते कोटा भेजा है। घायलों को लेकर जब एंबुलेंस अस्पताल पहुंची तो कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। नर्सिंग स्टाफ ने घायलों को प्राथमिक उपचार कर कोटा रैफर किया। डॉक्टर नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रैफर करने के लिए भी डॉक्टर का इंतजार किया जाता रहा, परंतु एक घंटे तक कोई डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचा। अस्पताल में यह बताने वाला भी कोई नहीं था कि किस डॉक्टर की ड्यूटी इमरजेंसी में है। इसी दौरान लाखेरी एसडीएम गरिमा लाटा अस्पताल पहुंच गई। तब भी कोई डॉक्टर नहीं पहुंचा। एसडीएम ने स्टाफ को डांट-फटकार लगाई और आॅनड्यूटी को लेकर पूछताछ की। उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।