गुंजल-मेघवाल समर्थकों के प्रदर्शन का सिलसिला जारी
कोटा| विधायक प्रहलाद गुंजल और विधायक चंद्रकांता मेघवाल के बीच चल रहे विवाद में दोनों के समर्थकों के प्रदर्शन करने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। रामगंजमंडी में पन्नालाल चौराहे पर गुंजल समर्थकों ने मेघवाल का पुतला जलाया। प्रदर्शन में भाजपा के पार्षद भी शामिल थे।
वहीं सुकेत कस्बे में भी मेघवाल के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। कार्यकर्ताओं ने कस्बे के टंकी चौराहे पर गुंजल के समर्थन व मेघवाल के खिलाफ नारेबाजी की। कुन्हाड़ी क्षेत्र में गुंजल के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। उधर, राष्ट्रीय मेघवाल युवा परिषद की ओर से कलेक्टर को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आदि के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा है कि गुंजल ने अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर विधायक चंद्रकांता को अपमानित किया है, ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं भाजपा चेचट मंडल के पदाधिकारियों ने नायब तहसील में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया एवं उचित कार्यवाही की मांग की। सातलखेड़ी में सरपंच शांतिबाई की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने गुंजल का पुतला जलाया गया। इधर, कांग्रेस एससी-एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिनेश खटीक ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले वे विधायक चंद्रकांता के पक्ष में प्रदर्शन में शामिल हुए थे तो सरस डेयरी ने उनके बूथ की सप्लाई बंद कर दी।
विधानसभा अध्यक्ष से मिलीं: चंद्रकांता मेघवाल ने देर रात विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधायक गुंजल से विवाद प्रकरण को लेकर कार्रवाई की मांग की।