कोटा | रेजोनेंस व पतंजलि योग पीठ हरिद्वार की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कोटा में विराट योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन से अब राजस्थान सरकार भी जुड़ गई है। यह जानकारी पतंजलि योग पीठ के मुख्य केंद्रीय प्रभारी व केन्द्रीय आयुष मंत्रालय में सलाहकार डॉ. जयदीप आर्य ने शनिवार को ग्रामीण क्षेत्रों से आए योग प्रचारकों और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम इस वर्ष कोटा में ही आयोजित करने और 19 से 21 जून तक होने वाले योग शिविर में सहयोग करने का निर्णय किया है।
डॉ. आर्य ने बताया कि 18 जून को स्वामी रामदेव की मौजूदगी में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें हरिओम पंवार, गजेंद्र सोलंकी और विनीत चौहान सहित कई नामचीन कवि कविता पाठ करेंगे। 18 से 19 और 20 जून को राजस्थान का आयुष विभाग निकटवर्ती जिलों में योग महोत्सव आयोजित करेगा। इनमें स्वामी रामदेव के साथ मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी हिस्सा लेंगी। डॉ. आर्य ने बताया कि शिविर आरएसी मैदान में आयोजित करने की अनुमति मिल गई है, जिसका क्षेत्रफल लगभग 54 लाख वर्ग फीट है। उन्होंने कहा कि अपनी तरह का यह विश्व का विशालतम कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि मोबाइल 07446607788 पर मिस्ड काॅल देकर विराट योग शिविर के लिए अब तक दस हजार लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। योग पीठ के कार्यकर्ता रजिस्ट्रेशन फार्म भरा रहे हैं।