जवाहरनगर क्षेत्र को बाढ़ के पानी से बचाने के लिए आल्हा उदल पार्क के सामने बनाए जा रहे नाले में बीच में अाई पाइप लाइन को हटाने के लिए विधायक संदीप शर्मा को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस कारण काम प्रभावित हो रहा था।
यूआईटी प्रशासन के अनुसार पिछली बार बाढ़ के समय जवाहरनगर में पानी के भराव की समस्या को हल करने के बारे में अध्यक्ष रामकुमार मेहता व महापौर महेश विजय के बीच वार्ता हुई थी। दोनों ने अधिकारियों के साथ मौका देखा था। जब तय हुआ कि आल्हा उदल पार्क के सामने की ओर से जो नाला अभी दस फीट का है उसे बीस फीट कर दिया जाए, ताकि बालाकुंड की ओर से आने वाला पानी इस नाले के माध्यम से ब्लडबैंक वाले नाले में मिल जाए और जवाहरनगर क्षेत्र में पानी नहीं भरे।
इसी की पालना में यूआईटी की ओर से यहां काम शुरू करवाया गया। नाले के बीच में दो पाइप लाइन फंसी हुई है। इसे हटाने के लिए विधायक संदीप शर्मा ने यूआईटी के जलदाय एक्सईएन सुनील शर्मा व नवीन सिंघल को बुलाया। उनसे बात की तो यह तय हुआ कि एक पाइप लाइन को यूआईटी हटाएगा, दूसरी को जलदाय विभाग हटाएगा। इसके हटने के बाद ही काम की गति तेज होगी।