एएआई के मेल के बाद स्पेशल फ्लाइट भी रद्द
कोटा से फिर से विमान सेवा शुरू करने का मामला अब और ज्यादा उलझता दिख रहा है। पहले यह माना जा रहा था कि एक-दो दिन में समाधान हो जाएगा और फिर से फ्लाइट शुरू हो जाएगी, लेकिन अब प्रकरण लंबा खिंचता दिख रहा है।
असल में फ्लाइट रोकने के 4 दिन बाद ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने चौतरफा राजनीतिक दबाव को देखते हुए फिर से अनुमति दे दी थी। लेकिन अनुमति देने के अगले दिन सुप्रीम एयरलाइंस ने कोटा एयरपोर्ट प्रभारी लोकेश निर्वाण पर 10 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए एक शिकायत कोटा एसपी को भेज दी। इससे एएआई मुख्यालय में हड़कंप मच गया। मामला एएआई के चेयरमैन तक पहुंच गया। मुख्यालय ने कोटा एयरपोर्ट प्रभारी से जानकारी ली और 3 दिन तक एएआई मुख्यालय में टॉप लेवल के अधिकारियों के बीच गहन चिंतन-मंथन हुआ। बताया जा रहा है कि बुधवार को एएआई मुख्यालय ने निर्णय करते हुए सुप्रीम एयरलाइंस को मेल किया है। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ऑपरेशन्स) की ओर से भेजे गए इस मेल के बाद कंपनी ने बुधवार को कोटा में एक कोचिंग संस्थान के कर्मचारियों के लिए आने वाली स्पेशल फ्लाइट भी रोक दी। यह फ्लाइट दोपहर 3 बजे आनी थी, लेकिन इससे पहले डेढ़ बजे ही कंपनी ने कोटा एयरपोर्ट प्रशासन को मेल करके फ्लाइट निरस्त होने की सूचना भेज दी। सूत्रों ने बताया कि इस मेल में भेजी गई सूचना ने फ्लाइट में रुकावट डाली है।
अभी कोटा नहीं आया आदेश
कोटा एयरपोर्ट प्रभारी लोकेश निर्वाण का कहना है कि मुख्यालय के निर्णय की सूचना अभी हमें नहीं है। वहीं सुप्रीम एयरलाइंस के जीएम भगवत प्रसाद का कहना है कि एएआई से किए गए मेल के बाद कोटा की स्पेशल फ्लाइट रोकी गई है। मेल क्या था, इसकी जानकारी मुझे भी नहीं है। कोटा से 11 अप्रैल को दिल्ली की उड़ान शुरू हुई थी, जो 2 दिन बाद ही जीएम एटीएम के आदेश पर बंद कर दी गई थी।