पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • कोटा में खुलेगा मदर मिल्क बैंक, सरकार ने दी मंजूरी

कोटा में खुलेगा मदर मिल्क बैंक, सरकार ने दी मंजूरी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
निराश्रित बच्चों को मां का दूध उपलब्ध करवाने के लिए कोटा में मदर मिल्क बैंक खुलेगा। सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। इसके लिए जेके लोन परिसर में जगह का चुनाव किया जा रहा है। राज्य सरकार के सलाहकार देवेंद्र अग्रवाल इसी माह कोटा आएंगे। हालांकि अभी राज्य सरकार ने इसके लिए बजट की घोषणा नहीं की है।

राज्य सरकार की ओर से जिला स्तर पर मदर मिल्क बैंक खोलने की कवायद लंबे समय से चल रही है। इसमें कोटा का भी चयन किया गया था। पहले तो राज्य सरकार की ओर से मदर मिल्क बैंक की इमारत के साथ ही पूरा सेटअप तैयार करके दिया जाता था, लेकिन अब इसे स्थानीय स्तर पर ही तैयार करने के लिए कहा गया है। कोटा से मेडिकल कॉलेज प्रशासन के शिशुरोग विभाग ने प्रस्ताव तैयार करके भेजा था। इसको सरकार ने मंजूरी देते हुए आरएमआरएस से बनवाने के लिए कहा गया है। अब शिशुरोग विभाग ने इसे आरएमआरएस को भिजवा दिया है। इसके साथ ही जेके लोन परिसर में इसके लिए जगह भी देखी जा रही है। पहले इसके लिए मंगलवार को संयुक्त निरीक्षण होना था लेकिन, शिशु रोग विभाग प्रभारी डॉ. अमृत लाल बैरवा के शहर से बाहर होने के कारण यह नहीं हो पाया। अब इसके लिए जगह का चुनाव होगा।

अभी बजट की घोषणा नहीं : डॉ. बैरवा ने बताया कि सरकार ने स्वीकृति तो दे दी, लेकिन यदि पूर्व की भांति इसके लिए बजट भी दिया होता तो यह शीघ्र शुरू हो जाता। आरएमआरएस के बजट से बनवाने में समय लगेगा।

बजट की व्यवस्था की जाएगी

अग्रवाल ने बताया कि पहले पूरा सेटअप सरकार की ओर से तैयार किया जाता था। अब ऐसा नहीं है, लेकिन बजट के अभाव में इसे रोका नहीं जाएगा। वे इसी माह कोटा आ रहे हैं और अधिकारियों से बात करके मदर मिल्क बैंक के लिए बजट की व्यवस्था करवाई जाएगी।

निराश्रित बच्चों को लाभ

डॉ. बैरवा ने बताया कि मदर मिल्क बैंक बनने से निराश्रित बच्चों को काफी लाभ होगा। जिन बच्चों की मां की डेथ हो जाती है, उन्हें यहां से मां का दूध मिल सकेगा। महिलाएं यहां पर दूध दान दे सकती हैं। इससे उन बच्चों को काफी लाभ मिलेगा, जिन्हें मां का दूध नहीं मिलने से बोतल से दूसरा दूध दिया जाता है।

खबरें और भी हैं...