कलेक्टर, यूआईटी अध्यक्ष व सचिव तलब
कोटा| आईएल परिसर को खत्म कर कंक्रीट का जंगल नहीं लगाने और पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने की मांग पर वकील ने कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इस पर कोर्ट ने जिला कलेक्टर और यूआईटी अध्यक्ष व सचिव को नोटिस जारी किए हैं। इसके साथ ही उन्हें 15 मई को जवाब देने को कहा है।
वकील लोकेश कुमार सैनी ने स्थाई लोक अदालत में याचिका दाखिल कर जिला कलेक्टर और यूआईटी अध्यक्ष व सचिव को पार्टी बनाया है। इसमें बताया कि किशोर सागर से लेकर दरा के बीच में आईएल का आवासीय व फैक्ट्री परिसर में 40 बीघा से ज्यादा एरिया में पीपल, बरगद, नीम और सीसम जैसे पांच हजार से ज्यादा छायादार, फलदार व ऑक्सीजन देने वाले पेड़ हैं। आईएल परिसर में पांच सौ से ज्यादा मोर हैं। ऐसे में यदि जमीन पर आवासीय व व्यावसायिक योजना को मंजूरी दे दी जाती है तो सबसे पहले हरियाली समाप्त होगी। मुकंदरा हिल्स टाइगर्स रिजर्व व इसके आसपास क्षेत्र में बसा एक मात्र मोरों के लिए संरक्षित उद्यान भी खुर्द-बुर्द कर दिया जाएगा।