सम्मेलनों में 199 जाेड़ों का हुआ विवाह
आखातीज पर शहर में माली, गुर्जर व मेहर समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन हुए। इसमें 199 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इन सम्मेलनों में सुबह से ही आयोजन होते रहे। शाम को इनमें विदाई हुई।
फूलमाली समाज की ओर से बूंदी रोड पार्वती पुरम के पास 82 जोड़ों का विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ व कोटा के जोड़े शामिल थे। दोपहर को यहां तोरण का कार्यक्रम हुआ और शाम को फेरे हुए। कार्यक्रम में सांसद ओम बिरला, विधायक प्रहलाद गुंजल, संदीप शर्मा, पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, पंकज मेहता, पूनम गोयल, नेवालाल शामिल हुए। अतिथियों ने सम्मेलन को सही बताते हुए कहा कि इससे फिजूलखर्ची रुकती है। ऐसे सम्मेलन होते रहने चाहिए। इससे समाज का भी विकास होता है। सम्मेलन में समिति अध्यक्ष गंगा बिशन कछावा, मांगीलाल, पार्षद राकेश पुटरा, महावीर सुमन, खेमराज, अमरलाल ने सहयोग किया। समिति की ओर से जोड़ों को कूलर, फ्रिज, बैड, अलमारी, सोने-चांदी के जेवरात दिए गए।
गुर्जर समाज के सम्मेलन में 65 जोड़ों ने लिए सात फेरे
गुर्जर समाज का विवाह सम्मेलन नयागांव में हुआ। इसमें 65 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। यहां दोपहर को फेरे का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में सांसद ओम बिरला, विधायक संदीप शर्मा, शिवकांत नंदवाना, डाॅ. बीएल गोचर, मेवालाल सहित अन्य समाज के प्रबुद्ध लोग पहुंचे। सम्मेलन में कोटा, बूंदी, झालावाड़ व बारां के जोड़े शामिल थे। समिति के अध्यक्ष हंसराज भड़ाना, धनराज चेची, मन्नालाल, राजेंद्र, धन्ना लाल चौहान मौजूद थे।