एक ही मोहल्ले के चार घरों से जेवर, नकदी व बाइक चोरी
कोटड़ी क्षेत्र के खटाणा का खेड़ा गांव की घटना
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
खटाणा का खेड़ा गांव के एक मोहल्ले में चार घरों में चोर घुस गए। चोरों ने हजारों रुपए के सोना-चांदी के जेवर, नकदी, बाइक आदि चुरा ली। पुलिस ने सोमवार सुबह घटना स्थल का निरीक्षण किया।
खटाणा खेड़ा निवासी रामलाल बैरवा परिवार सहित बरामदे में सो रहा था। देर रात पीछे से कच्ची दीवार में सेंध मार कर घुसे चोरों ने बक्से से सोने की रामनामी, चांदी की कणगति व अन्य सामान चुरा लिया। पास ही स्थित सुखा बैरवा के घर की खिड़की तोड़ घुसे चोर दो मादलिये, टोप्स, कातरिया, अंगूठी, मोबाइल आदि ले गए। इसके बाद चोरों ने राधा देवी के घर को निशाना बनाते हुए वहां से रामनामी, दो मादलिया, पायजेब, कणगति तथा परमेश्वर के घर में खड़ी बाइक ले भागे। सुबह जैसे ही घर में सो रहे लोगों की नींद खुली तो एक साथ चार घरों से जेवर, नकदी आदि सामान नदारद देख मोहल्ला वाले भी अवाक रहे गए। मौके पर बड़ी संख्या में जमा ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को लेकर रोष व्यक्त किया।