कोटड़ी | गूदड़ खेड़ा से सोमवार सुबह कोटड़ी के लिए रवाना हुई 65 वर्षीय वृद्धा को गांव से कुछ दूर स्कूल के पास पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने रोका तथा नाक से सोने की नथ छीन ले गए।
हल्ला मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने कोटड़ी थाने में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी लेकर लुटेरों की तलाश की, पर उनका पता नहीं चला। गूदड़ खेड़ा गांव की ज्यानी देवी जाट ने बताया कि वह सोमवार सुबह पैदल ही कोटड़ी के लिए रवाना हुई। करीब साढ़े 11 बजे गांव से कुछ आगे स्कूल के पास पहुंची। पीछे से बाइक पर 30-35 वर्ष के पेंट-शर्ट पहने दुबले-पतले युवक आए तथा रास्ता पूछने के बहाने आवाज लगाई। एक युवक बाइक से उतर महिला के नजदीक गया और झपटा मारकर जानी के नाक से नथ तोड़कर बाइक से भाग निकले। वृद्धा चिल्लाई तो आसपास मौजूद लोग दौड़कर आए तथा घटना की जानकारी कोटड़ी थाने में दी। एसएचओ भंवर सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे तथा लूट की शिकार महिला से लुटेरों के बारे में जानकारी लेने के बाद उनकी तलाश की पर उनके हाथ नहीं आने पर मामला दर्ज किया। गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व रायला क्षेत्र में भी घर से खेत पर जा रही वृद्धा को दो बाइक सवार युवकों ने पता पूछने के बहाने रोक उसका मादलिया, नथ आदि लूटने का प्रयास किया, लेकिन वृद्धा ने खतरा भांपते हुए नथ व मादलिया मुट्ठी में दबा लिया और चिल्लाई तो आसपास के ग्रामीणों के पहुंचने से लुटेरे भाग निकले। लुटेरे वारदात को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो पाए तो वृद्धा के परिजनों ने भी पुलिस में रिपोर्ट नहीं दी।