पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • नेताओं के नाम की पटि्टका पर विवाद; कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पायलट व विधायक धीरज गुर्जर की लगाई पटि्टका तोड़ी, हाथापाई भी हुई

नेताओं के नाम की पटि्टका पर विवाद; कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पायलट व विधायक धीरज गुर्जर की लगाई पटि्टका तोड़ी, हाथापाई भी हुई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटड़ी चारभुजानाथ मंदिर में पांच से 13 जून तक हुए 108 कुंडीय विष्णु महायज्ञ एवं कलश स्थापना को लेकर गुरुवार को विवाद हो गया। चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में गुर्जर समाज आम चौखला के पंच-पटेलों की बैठक हुई। इसमें समाज के पंचों ने सात प्रस्ताव पारित किए।

कलश स्थापना महोत्सव में चारभुजा नाथ के नवनिर्मित मंदिर पर लगाई पट्टिका में गुर्जर समाज आम चौखला का नाम नहीं होने पर विरोध किया गया। गुस्साए समाज के लोगों ने ही पट्टिका को तोड़ दिया। इस पट्टिका पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट व जहाजपुर विधायक धीरज गुर्जर का नाम लिखने से समाज के कई लोग नाराज थे। पट्टिका तोड़ने पर विरोध करने वालों को समाज के लोगों ने पीटा। माफी मांगने पर उन्हें छोड़ा गया। मंदिर परिसर में ही पट्टिका तोड़ने के समर्थक और विरोध करने वाले लोगों में काफी देर तक हाथापाई हुई। मीटिंग में निर्णय लिया कि महोत्सव में लाए हरियाणा के भैंसों और अभिनेत्री अमीषा पटेल बुलाने का खर्च समाज वहन नहीं करेगा। 13 मई को चारभुजानाथ मंदिर पूर्णाहुति एवं स्वर्ण कलश स्थापना महोत्सव के दौरान पीसीसी अध्यक्ष सचिन पायलट के मुख्य आतिथ्य एवं महोत्सव समिति संरक्षक विधायक धीरज गुर्जर की मौजूदगी में पट्टिका का अनावरण किया था। कोटड़ी थानाधिकारी भंवर सिंह गौड़ का कहना है कि दोनों पक्षों में समझाइश की रिपोर्ट किसी ने नहीं दी।

बैठक के दौरान ही आक्रोशित युवाओं में हो गई मारपीट

कोटड़ी में गुर्जर समाज के लोग आपस में उलझते हुए।

सचिन व धीरज के नाम लिखी पट्टिका तोड़ते ही लड़ाई शुरू...

आम चौखला गुर्जर समाज के आह्वान पर गुरुवार को समाज के लोग मंदिर में एकत्र हुए। कोषाध्यक्ष छोटूलाल पोषवाल एवं प्रधान कुंड की बोली लगाने वाले मगनाराम गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में समाज के पंच-पटेलों ने बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए। मीटिंग में मौजूद लोगों ने जब सचिन पायलट व धीरज गुर्जर का नाम लिखी पट्टिका तोड़ने के दौरान ही उनके कुछ समर्थक भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में बातचीत के दौरान ही हाथापाई शुरू हो गई। इसमें दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे को मारा। इससे कई देर वहां लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आखिरकार कुछ लोगों ने मामला शांत किया। इसके बाद गरमाते माहौल को देखते हुए पुलिस बुलानी पड़ी। गुर्जर समाज आम चौखला की मीटिंग में गुर्जर समाज युवा महासभा जिला अध्यक्ष कालूलाल गुर्जर, तहसील अध्यक्ष कन्हैयालाल, किशोरलाल गुर्जर, मांडलगढ़ युवा तहसील अध्यक्ष राधेश्याम गुर्जर, शाहपुरा के मिश्रीलाल गुर्जर सहित पंच पटेल मौजूद थे

गुर्जर समाज की बैठक चारभुजानाथ मंदिर में हुई। इसमें मंदिर में लगे पत्थर को लेकर लोगों ने विरोध जताया। मीटिंग में समाज के ही कुछ लोगों में बातचीत के दौरान खींचतान हो गई। दोनों पक्ष को समझाने का प्रयास किया इस बीच कुछ लोग मंदिर पहुंचे और पत्थर गिरा दिया। लोगों में पत्थर पर लिखे सभी नामों को लेकर विरोध था। छोटूलाल पोषवाल, कोषाध्यक्ष, आयोजन समिति

5 लाख लोगों की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ था। गुरुवार को गुर्जर समाज की मीटिंग नहीं थी। इस कार्यक्रम से द्वेष रखने वाले 25-30 असामाजिक तत्व आ गए। उन्होंने पत्थर गिरा दिया। जिन लोगों ने इस धार्मिक कार्यक्रम में असामाजिकता फैलाई और पत्थर गिराया है, उन्हें समाज जवाब देगा। उनकी हकीकत सामने आ जाएगी। धीरज गुर्जर, विधायक एवं सरंक्षक, आयोजन समिति

गुर्जर समाज की मीटिंग में पारित किए ये 7 प्रस्ताव

5 से 13 मई तक आयोजन भगवान चारभुजा नाथ के आशीर्वाद से हुआ। इसके लिए पूर्णाहुति समिति की ओर से गुर्जर समाज का धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया।

चारभुजा नाथ मंदिर में पट्टिका पर जो नाम विशेष का पत्थर लगाया है उसे तत्काल हटाने का प्रस्ताव लिया। इसके बाद पत्थर समाज द्वारा हटा दिया गया।

पूर्णाहुति के दौरान जो कुछ भी खर्चा हुआ उसकी अमानत तौर पर राशि दी गई उसके बिल व वाउचर सहित पूरा हिसाब कोषाध्यक्ष को अविलंब पेश किया जाए। कोषाध्यक्ष द्वारा पूर्णाहुति का हिसाब बनाकर आम चौखला के समक्ष बैठक में रखा जाएगा। जिनमें पूर्णाहुति के दौरान हुए खर्चे का भुगतान कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर के बिना नहीं करने का फैसला लिया।

पूर्णाहुतिके दौरान कार्यरत एजेंसियों का भुगतान अविलंब कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर से किया जाए।

गुर्जर समाज द्वारा वर्षों की मेहनत से मंदिर का निर्माण करवाया गया। इसके लिए गुर्जर समाज से सहयोग राशि एकत्रित की गई। इसलिए प्रस्ताव पारित किया गया कि वर्तमान पट्टिका को हटाकर गुर्जर समाज आम चौखला की पट्टिका लगाई जाएगी।

कलश यात्रा में अभिनेत्री अमिषा पटेल को बुलाने, व्यक्ति विशेष के पोस्टर लगाने पर हुआ खर्च और राक्षसरूपी भैंसों को लाने का खर्च गुर्जर समाज वहन नहीं करेगा। यह खर्च अर्नगल है। समाज के पंच-पटेलों ने अमिषा पटेल को बुलाने, मंदिर परिसर सहित कस्बे में लगाए गए पोस्टर एवं महाकुंभ में दो भैंसों को बुलाने एवं उन पर किए खर्च पर आपत्ति दर्ज कराई।

पूर्णाहुति के दिन भंडारे के लिए लाए गेहूं में से 2000 बोरी गेहूं बचा है। इसे उच्च दर पर बेचने का निर्णय लिया गया।

और यह है विवाद की वजह

13 मई को पायलट ने पटि्टका का लोकार्पण किया। (फाइल)

17 मई को पायलट का नाम लिखी पटि्टका तोड़ दी।

खबरें और भी हैं...