दो नाबालिग बेटियों का विवाह रुकवाया तो पिता को हार्ट अटैक
गांव नासरपुर में पुलिस व प्रशासन ने बुधवार को 2 नाबालिग युवतियों का विवाह रुकवाया तो उनके पिता को हार्ट अटैक आ गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इनमें बड़ी लड़की की उम्र शैक्षणिक रिकार्ड में 17 वर्ष 9 माह और छोटी की 16 वर्ष पाई गई। हालांकि कार्ड पर बड़ी बेटी का नाम ही लिखा गया था। कार्रवाई के समय घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। अचानक पुलिस व प्रशासन का लवाजमा देख वहां खलबली मच गई। अधिकारियों ने टैंट, हलवाई और डीजे आदि हटवा परिजनों को पाबंद किया। दोनों बहनों की शादी खेतड़ी निवासी सगे भाइयों से होनी थी। तहसीलदार हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि दो नाबालिगों के विवाह की सूचना पर नासरपुर गांव में रामवतार नायक के घर पहुंचे। यहां नाबालिग की शादी खेतड़ी के गांव हरड़िया निवासी विक्की पुत्री लालचंद नायक के साथ होने का कार्ड मिला। परिजनों एवं रिश्तेदारों से पूछताछ में पता चला कि एक नहीं दो लड़कियों के फेरे आखातीज की शाम को होने हैं। शैक्षणिक दस्तावेज और आधार कार्ड की जांच में पता चला कि बड़ी लड़की की उम्र 17 साल 9 माह और छोटी की 16 साल है।
िजले में रुकवाए 10 बाल विवाह
अलवर| आखातीज पर जिला प्रशासन ने 10 बाल विवाह रुकवाते हुए पुलिस के जरिए परिजनों को बाल विवाह नहीं करने के लिए पाबंद किया। अलवर के बख्तल की चौकी व बरखेड़ा तहसील में जांच के दौरान हो रहे विवाह नाबालिगों के पाए गए, इन्हें पाबंद किया गया। इसके अलावा लक्ष्मणगढ़ के घाट, कठूमर व गजपुर, थानागाजी के नारायणपुर, डेरा व बाछड़ी, बहरोड़ व मुंडावर के पेहल व कोटकासिम के लाडपुर में बाल विवाह रुकवाकर परिजनों को पाबंद किया गया।