- Hindi News
- National
- पेयजल किल्लत से परेशान वार्ड नं. 4 के लोग, कई माह से नहीं हो रही पेयजल की सप्लाई
पेयजल किल्लत से परेशान वार्ड नं. 4 के लोग, कई माह से नहीं हो रही पेयजल की सप्लाई
हरसौली| कस्बे की हरिजन बस्ती में पिछले कई महीनों से पेयजल सप्लाई नहीं होने से यहां रहने वाले बाशिंदों को परेशानी हो रही है। वार्ड नं. 4 की हरिजन बस्ती के अमरसिंह, कृष्ण, धर्मवीर, पुरुषोत्तम, धर्मपाल आदि ने बताया कि हरिजन बस्ती में पिछले कई महीनों से पानी की सप्लाई नहीं होने कारण लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि उनके यहां पेयजल सप्लाई महदाडा में बनी पानी की टंकी से होती है लेकिन टंकी से कई मोहल्लों को पानी की सप्लाई होने के कारण उनके वार्ड तक पानी नहीं पहुंच पाता है। वार्ड के लोगों ने बताया कि महदाडा में बनी पेयजल टंकी से भगवान पोता, डंडा का मोहल्ला, द्वारकापुरी मोहल्ला, कोटकासिम रोड, तहसील की तरफ़ के मोहल्ले के बाद हरिजन बस्ती में पानी की सप्लाई की जाती है। महदाडा में बनी पेयजल टंकी से ज्यादा वार्डों की सप्लाई जुड़ी होने के कारण हरिजन बस्ती तक पानी पहुंच ही नहीं पाता है। इसके कारण वार्ड में कई महीनों से पेयजल किल्लत बनी हुई है। वहीं वार्डवासियों ने पोस्टऑफिस के पास जलदाय विभाग द्वारा पेयजल सप्लाई के लिए लगाई गई नई थ्री फेस बोरिंग से हरिजन बस्ती की सप्लाई जोड़ने की मांग की है।