भास्कर संवाददाता|अनूपपुर.डोला
जिले के कोतमा तहसील क्षेत्र अंतर्गत में लंबे समय से अवैध बोल्डर उत्खनन का काम किया जा रहा है। खनिज विभाग को लगातार इस बात की शिकायतें मिल रही थी। ग्रामीणों के द्वारा भी अवैध बोल्डर उत्खनन का विरोध किया जा रहा है। खनिज विभाग को आखिरकार अवैध परिवहन करने वाले पांच ट्रैक्टर को बोल्डर सहित जप्त कर लिया है।
बोल्डर का अवैध उत्खनन कर परिवहन करने वाले ट्रैक्टर को औचक निरीक्षण के दौरान खनिज अधिकारी पकड़ा तो अन्य ग्रामीणों इलाकों में इसकी जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया है। लम्बे समय के बाद इस तरह की कार्रवाई की गई थी। गौरतलब है कि अवैध बोल्डर उत्खनन को लेकर खनिज विभाग के अफसरों को लगातार शिकायत की जा रही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सीधे कलेक्टर से की थी, जिसके बाद उन्होंने कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खनिज विभाग की टीम ने ग्रामीण इलाकों में औचक निरीक्षण के दौरान ग्राम डोंगरियाखुर्द, अर्जुनघाट तथा नागराबंध मंे बोल्डर के अवैध परिवहन करते हुए 5 ट्रैक्टर को जप्त किया गया। बोल्डर का अवैध परिवहन करते हुए सभी वाहनों को थाना बिजुरी में रखा गया है। प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय मे प्रस्तुत करने की बात अधिकारी ने कही है।
कार्यवाही में खनिज निरीक्षक राहुल शांडिल्य तथा होमगार्ड के सैनिक राधू सिंह, मेजर सुमन, मुन्ना लाल तथा संभर सिंह शामिल थे। कपड़े गए पांच में से तीन ट्रैक्टर में ही नम्बर मिले। खनिज अधिकारी शांडिल्य ने बताया अवैद्य उत्खनन करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। सभी पर प्रकरण दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर को सौंपे जाएंगे। वहीं अवैध उत्खनन पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
खनिज विभाग की टीम ने अवैध परिवहन करते जब्त किए ट्रैक्टर-ट्राॅली।