501 पार्थिव शिवलिंगों का रूद्राभिषेक
कार्यालय संवाददाता| शाहपुरा
चिमनपुरा के करणी सागर स्थित सुखधाम में शनिवार को रामकृष्ण महाराज के सान्निध्य में 501 पार्थिव शिवलिंगों का रूद्राभिषेक किया गया। समाज सेवी विक्रम टाटला ने बताया कि पंडित कमलेश शर्मा के आचार्यत्व में विद्वान पंडितों द्वारा 501 पार्थिव शिवलिंगों की पूजा अर्चना कर अभिषेक किया गया। समापन पर पंगत प्रसादी का आयोजन हुआ।
रामचरितमानस पाठ शुरू
मनोहरपुर| खोरालाडखानी ग्राम के कुंडाल स्थित हनुमानजी महाराज व भैरूजी महाराज के धाम पर शनिवार को भांकरी के महंत गिरधारीदासजी महाराज पानवाले के शिष्य रामकरणदास महाराज के सान्निध्य में संगीतमय रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हुआ। मंगलचंद, धर्मवीर जींजवाडिया ने बताया कि आचार्य हेमेंद्र शास्त्री एवं सुरेंद्र लाटा के निर्देशन में श्रीराम नाम संपुटित रामचरित मानस के पाठ का शुभारंभ किया गया। जिसका 16 अप्रेल को समापन होगा। समापन पर हवन पूर्णाहुति व पंगत प्रसादी का आयोजन होगा।
गुरुद्वारा में मनाया खालसा पंथ का स्थापना दिवस
पावटा ग्रामीण| खेलना ग्राम पंचायत के अन्तर्गत बावडी के गुरुद्वारा में गुरु कलगीधर सिंह सभा द्वारा शनिवार को खालसा पंथ का स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान कीर्तन दरबार सजाया गया व सुखाजी साहब का पाठ किया गया। कार्यक्रम में पावटा, कोटपूतली व शाहपुरा की संगत ने गुरूधर की सेवा में अटूट लंगर का भी किया गया ।