- Hindi News
- National
- लुटेरे फरार होने में कामयाब, बदमाशों से भिड़ने वाले युवक के पैर का ऑपरेशन
लुटेरे फरार होने में कामयाब, बदमाशों से भिड़ने वाले युवक के पैर का ऑपरेशन
ग्राम सांवलपुरा-तंवरान में रविवार रात दो बाइकों पर सवार होकर आए नकाबपोश एवं हथियारबंद 6 बदमाश देशी कट्टे की नोक पर 5 लाख रुपए से भरा बैग पार कर ले गए। पुलिस ने रात को ही सीकर, झुन्झुनु, जयपुर ग्रामीण जिले में नाकाबंदी करवाई लेकिन दो बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठा कर घटनास्थल से महज 250 मीटर की दूरी पर निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय के भवन में एक श्रमिक के मुंह व आंख पर पट्टी बांधकर दुबके रहे। सोमवार अलसुबह करीब 4 बजे एक गाड़ी मंगवा कर पार हो गए। इसकी जानकारी सुबह करीब 6:30 बजे श्रमिक ने ठेकेदार एवं पुलिस को दी।
इधर पुलिस बदमाशों की पड़ताल के लिए रात से ही कई टीमें बनाकर अनेक स्थानों पर दबिश दे रहे है, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। दूसरी ओर अस्पताल में भर्ती देशी कट्टे के फायर से घायल हजारी लाल गुर्जर के पैर का ऑपरेशन हुआ।
पुलिस ने हजारी लाल की ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि हजारी लाल (32) साधूराम गुर्जर ने रिपोर्ट में बताया कि वो सांवलपुरा-तंवरान स्टैण्ड़ पर बैठा था, इसी दौरान वहां पर कुछ लोग रुपए का लेनदेन कर रहे थे। अचानक दो बाइकों पर 6 नकाबपोश व हथियारबंद बदमाश मौके पर आए तथा देशी कट्टे की नोक पर रुपयों से भरा बैग लेकर भागने लगे। इस दौरान वह बीचबचाव करके रुपए के बैग को बचाने का प्रयास किया लेकिन बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की एवं उसके पैर में फायर कर दिया।
गोशाला रोड पर जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने जताया विरोध
कोटपूतली| शहर के बानसूर रोड स्थित श्रीजयसिंह गाेशाला से ग्राम मोलाहेड़ा तक जा रहे आम रास्ते पर हो रही जल भराव की समस्या से परेशान लोगों ने सोमवार को प्रशासन के प्रति आक्रोश जताया। इसके बाद लोगों ने एसडीएम सुरेश चौधरी को ज्ञापन देकर सफाई करवाने की मांग की। ग्रामीण बनवारी सैनी, राधेश्याम शर्मा, विजय, उपेंद्र, निर्मला, सरिता, हनुमान प्रसाद, ओमप्रकाश, चेतन, राजेश, शालू, कमलेश, हेमचंद आदि ने बताया कि उक्त मार्ग पर पालिका क्षेत्र खत्म होते ही राजकीय भोला सैनी की ढाणी प्राथमिक विद्यालय के पास आम रास्ते पर जलभराव की वजह से भारी मात्रा में कीचड़ व गंदगी जमा होने से रास्ते का वजूद ही खत्म हो गया। इस रास्ते का इस्तेमाल स्थानीय नागरिक समेत ग्राम मोलाहेड़ा एवं आधा दर्जन ढाणियों के लोग आवागमन के लिए करते है। जलभराव से लोगों को आवागमन में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है छोटे बच्चे आए दिन गंदगी में गिर कर घायल होते रहते हैं। कीचड़ जमा होने से बीमारियां पनपने की आशंका है। गोशाला रोड से ढाणी भोला सैनी की स्कूल तक का आम रास्ता जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए।