परिवहन विभाग ने की लक्ष्य से 109 फीसदी अधिक की राजस्व वसूली
परिवहन विभाग ने की लक्ष्य से 109 फीसदी अधिक की राजस्व वसूली
कोटपूतली . जिला परिवहन मुख्यालय द्वारा अावंटित राजस्व लक्ष्यों की पूर्ति करने में जिला परिवहन कार्यालय इस बार भी खरा उतरा है। कार्यालय ने आवंटित लक्ष्यों ने 109 फीसदी अधिक राजस्व की वसूली है। जिला परिवहन अधिकारी मनोज वर्मा ने बताया कि मुख्यालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2017-18 में राजस्व वसूली का लक्ष्य 5583 लाख आवंटित किया था। इसकी तुलना में कार्यालय ने 6061.75 लाख का राजस्व वसूला किया है जो कि आवंटित लक्ष्य से 109 फीसदी अधिक है। उन्होने बताया कि विभाग द्वारा ओवरलोड व अवैध वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई थी। वित्तीय वर्ष में 5919 वाहनों से चालान कर 473.68 लाख रुपए वसूल किए। इस कार्रवाई में 3157 ओवरलोड वाहन एवं 2762 अन्य वाहन शामिल है।
फुटवियर एण्ड जनरल एसोसिएशन ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
कोटपूतली . स्थानीय फुटवियर एण्ड जनरल एसोसिएशन की ओर से बीडीएम अस्पताल में चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही से महिला की मौत हो जाने को लेकर एसडीएम सुरेश चौधरी को ज्ञापन सौपा। संरक्षक हरदयाल सैनी, अध्यक्ष कृष्ण चन्द बंसल, उपाध्यक्ष तुलसीराम, सचिव राजकुमार, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा, रामकिशन मंगल, मनोज गुप्ता, मनोज शाह सहित 50 व्यापारियों ने बताया कि 4 अप्रैल को मुन्नी देवी को अस्पताल में लेकर गए जहां चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही की वजह से महिला की मौत हो गई। व्यापारियों ने एसडीएम से कहा कि कोटपूतली की जनता ऐसी गलतियों को बर्दाश्त करने में सक्षम नहीं है। बीडीएम अस्पताल की लापरवाही से जो नुकसान जनता को हो रहा है। उसपर आप उचित कदम उठाए। व्यापारियों ने कहा कि जो लापरवाही हुई उस पर मृतक के परिजनों द्वारा दर्ज करवाई गई एफआईआर पर कार्रवाई करवाने की मांग की अन्यथा हमें महासंघ को साथ में रखकर सभी यूनियन की तरफ से बाजार बंद करवाए जाएंगे। एसडीएम ने निष्पक्ष जांच करवाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।