पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पार्किंग के लिए जगह छोड़ी नहीं, नतीजा: बाजारों में सड़क पर खड़े करने पड़ रहे वाहन, आमजन परेशान

पार्किंग के लिए जगह छोड़ी नहीं, नतीजा: बाजारों में सड़क पर खड़े करने पड़ रहे वाहन, आमजन परेशान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर पालिका की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रखकर बनाई जा रही हैं बहुमंजिला इमारतें, अब पार्किंग के लिए समस्या

भास्कर संवाददाता| कुचामन सिटी

शहर में नगरपालिका की मिलीभगत से नियमों को दरकिनार कर धड़ल्ले से बहुमंजिला इमारतें और दुकानें बन रही है। आवासीय और वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए होने वाले निर्माण में नियमों का पालन नहीं करना शहरवासियों के लिए ही परेशानी का कारण बन रहा है। इधर, दुकानों के बाहर फुटपाथ पर किए जा रहे अतिक्रमण से बाजार और ज्यादा संकरे हो गए हैं।

शहर के बाजारों में पार्किंग के अभाव में लोगों को सड़क पर वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं। इससे न केवल शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि लोगों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है। लोगों की इस समस्या को लेकर बार-बार अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

सारड़ा कॉम्पलेक्स

पार्किंग नहीं, जनता को परेशानी

बस स्टैंड के पास बिना पार्किंग बनाए सारड़ा कॉम्पलेक्स और पड़ोस के भूखंड को पार्किंग बताकर कॉम्पलेक्स का निर्माण कर लिया। बाद में पड़ोस के भूखंड पर भी कॉम्पलेक्स का निर्माण शुरू कर दिया। इस मामले में दीपक बंसल की ओर से दायर प्रकरण में निदेशालय, स्थानीय निकाय विभाग ने कॉम्पलेक्स निर्माण की स्वीकृतियां नियम विरुद्ध देने व उन्हें निरस्त योग्य माना। हालांकि इसके बाद निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स में निर्माण बंद है। लेकिन इससे शहर के लोगों को राहत नहीं मिल पाई है।

अतिक्रमण से दिन भर जाम

शहर के सबसे पुराने बाजार यानी सदर बाजार के हाल इस मामले में अच्छे नहीं हैं। यहां संकरा मार्ग होने के बाद व्यापारियों की ओर से दुकानों के बाहर किया गया अस्थायी अतिक्रमण यातायात को प्रभावित कर रहा है। इसके अलावा इस बाजार में आने वाले लोगों और दुकानदारों के दुपहिया वाहन दुकानों के सामने खड़े करने से परेशानी और भी ज्यादा बढ़ जाती है। नतीजतन इस मार्ग पर दिन में कई बार जाम लग जाता है और वाहनचालकों में आपस में झड़पें होना आम बात है।

सदर बाजार

बालाजी बाजार

आधी से ज्यादा सड़क पर वाहन

शहर के बालाजी बाजार में कमोबेश ऐसे ही हालात है। यहां से कार निकालना तो दूर दिन के समय दुपहिया वाहन लेकर निकलना भी मुश्किल काम है। बाजार में अधिकांश सड़क पर दुपहिया वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में पैदल निकलने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। यहां प्रेमसुख प्लाजा और जैन मार्केट आने वाले लोगों के वाहनों को भी सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है। जिससे ना सिर्फ अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है बल्कि सड़क से गुजरने वाले लोगों को दिक्कत होती है।

खबरें और भी हैं...