अब सरकारी स्कूलों में भी शुरू होगी स्मार्ट क्लासेज
भास्कर संवाददाता |कुचामन सिटी
सरकारी स्कूलों में बनी आईसीटी लैब का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने के लिए अब विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय कंप्यूटर के माध्यम से भी पढ़ाया जाएगा। रमसा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सप्ताह में प्रत्येक विषय का कम से कम एक पीरियड आईसीटी लैब में ही लगाया जाएगा। इसके लिए अलग से रजिस्टर बनाया जाएगा। जिसमें आईसीटी लैब में कंप्यूटर के माध्यम से पढ़ाए जाने वाले विषय और तारीख आदि का विवरण संस्था प्रधान से सत्यापित करवाकर रमसा कार्यालय को भिजवाना जरूरी होगा। आईसीटी लैब में क्लास के दौरान स्टूडेंट्स को एजुकेशनल वीडियो के माध्यम से विषय की जानकारी दी जाएगी। सैटेलाइट प्रसारण के माध्यम से स्टूडेंट्स को विषय विशेषज्ञों से पढ़ने का मौका भी मिलेगा।
निजी स्कूलों की स्मार्ट क्लास को देंगे टक्कर
स्कूलों में आईसीटी लैब का उपयोग बच्चों को कंप्यूटर सिखाने तक सीमित माना जाता रहा है। लेकिन इनका मुख्य उद्देश्य शिक्षण कार्य में कंप्यूटर टेक्नोलॉजी का उपयोग करना है। इसे प्राइवेट स्कूलों की स्मार्ट क्लासेज की टक्कर में शुरू किया था। अब कंप्यूटर शिक्षा के साथ बच्चों को संबंधित विषयों का विशेषज्ञों से ऑनलाइन ज्ञान मिलने के साथ लैब का भी उपयोग हो सकेगा।
ई-ज्ञान पोर्टल एवं यू ट्यूब से लिया जाएगा शिक्षण कंटेंट
स्कूलों में बनाई गई आईसीटी लैब में विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए सप्ताह में एक विषय के लिए एक क्लास सुनिश्चित की जाएगी। जिसमें ई-ज्ञान पोर्टल पर उपलब्ध सामग्री से अध्ययन कराया जाएगा। इसके अलावा यू ट्यूब पर उपलब्ध एनसीईआरटी के पाठ्यक्रमों के वीडियो व शिक्षकों के नवाचार युक्त वीडियो का भी उपयोग किया जाएगा।