कुचामन में सफाई कर्मियों के 28 पद, भर्ती के लिए कुल 533 आवेदन जमा
भास्कर संवाददाता | कुचामन सिटी
सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए मंगलवार को आखिरी दिन तक कुल 533 आवेदन पत्र जमा हुए है। यहां 28 पदों की भर्ती के लिए राज्य सरकार ने स्वीकृति दी थी। यानी एक पद के लिए 19 बेरोजगार कतार में हैं।
स्वायत्त शासन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री की घोषणा की क्रियान्विति में नगर निकायों में सफाई कार्मिकों की भर्ती के लिए आवेदन का मंगलवार को आखिरी दिन था। सरकार की ओर से प्रदेश के 184 नगरीय निकायों में 21 हजार 136 सफाई कर्मचारियों भर्ती की प्रक्रिया पिछले महीने शुरू की थी। छुट्टी के बावजूद शनिवार और रविवार को भी नगरपालिका दफ्तर खुला रखकर बेरोजगारों से आवेदन लिए गए।
नगरपालिका के वरिष्ठ कार्मिक रियाजुद्दीन ने बताया कि मंगलवार शाम तक 874 आवेदन पत्र बेरोजगारों को वितरित किए जा चुके थे। जिनमें से 533 बेरोजगारों ने अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों व शुल्क के पोस्टल ऑर्डर के साथ जमा करवा दिए। आवेदन शुल्क के रूप में सामान्य आवेदकों से 100 रुपए और अजा-जजा के आवेदकों से 50 रुपए का पोस्टल ऑर्डर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब बुधवार से 25 मई तक आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया के तहत भर्ती की शर्तों के अनुसार पात्र पाए गए अभ्यर्थियों को लॉटरी भर्ती में शामिल किया जाएगा।