भास्कर संवाददाता | कुचामन सिटी
राजस्थान शिक्षक संघ अम्बेडकर का वार्षिक अधिवेशन रविवार को शहर की तिलक पब्लिक स्कूल में सम्पन्न हुआ। इस दौरान संगठन की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। अध्यक्ष कानाराम साणेल ने बताया कि वार्षिक अधिवेशन में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान ग्रीष्मकालीन शिविरों को गैर आवासीय करवाने, एनपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले, नीति अनुसार शीघ्र सूचियां जारी करने आदि समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर प्रथम सत्र में सचिव प्रभुराम बारुपाल ने पिछले सत्र का प्रतिवेदन तथा कोषाध्यक्ष चतुर्भुज मेघवाल द्वारा पिछले वर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। दूसरे सत्र में चुनाव अधिकारी गोपालराम माहिच एवं चुनाव पर्यवेक्षक गोविदंलाल मंडावरिया की देखरेख में नवीन कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। जिसमें कानाराम साणेल को अध्यक्ष व प्रभुराम बारूपाल को सचिव पद के लिए सर्वसम्मति से दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया। इसी प्रकार संरक्षक दिनेश लाडवा, प्रहलादराय, अशोक कुमार, किस्तूरमल एवं सभाध्यक्ष श्रवणकुमार चावला व उपसभाध्यक्ष भंवरलाल बारुपाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहरलाल परिहार व शहरी उपाध्यक्ष रामनिवास तथा ग्रामीण उपाध्यक्ष किशोरकुमार बारूपाल व महिला मंत्री सुशीला को चुना गया।