राष्ट्रीय राजमार्ग 89 कुचेरा व बुटाटी के बीच रविवार देर रात को ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। थाने के हैड कांस्टेबल शिवदेव राम ने बताया कि बुटाटी की तरफ से कुचेरा आ रहे सोलियाना निवासी तेज सिंह (55) पुत्र माधु सिंह राजपूत को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे वो गम्भीर घायल हो गया। जिसे टोल प्लाजा की एम्बुलेंस से कस्बे के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां उसका प्राथमिक उपचार कर नागौर से जोधपुर रैफर कर दिया गया। रास्ते में तबीयत बिगड़ने से दम तोड़ दिया।
शिनाख्त को लेकर पुलिस को हुई काफी परेशानी
घटना के बाद घायल को कस्बे के सरकारी अस्पताल लाया गया। लेकिन घायल के पास मोबाइल फोन या कोई भी दस्तावेज नहीं मिलने से सोमवार दोपहर तक शिनाख्त नहीं हो पाई। शव की शिनाख्त करने के लिए पुलिस ने काफी प्रयास किए। लेकिन कोई उपया नहीं सूझने पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर मृतक की मोटर साइकिल की आरसी की फोटो शेयर करके इसका पता लगाया। दोपहर बाद इसकी पुष्टि हो पाई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौपा।