कुजू ओपी के समीप एचपी के छोटानागपुर पेट्रोलियम एजेंसी में शनिवार की रात डीजल, पेट्रोल भरवाने आए ग्राहकों ने जमकर बवाल काटा। ग्राहक पंप संचालक व कर्मियों पर तेल कम देने का आरोप लगा रहे थे। जानकारी के अनुसार उक्त पेट्रोल पंप में सीसीएल कर्मी सूरज कुमार अपनी मारूति स्विफ्ट कार संख्या जेएच01बीडी-1688 में टंकी फुल करवाया। बताया जाता है कि साढ़े 44 लीटर पेट्रोल में टंकी फुल हो गया, जबकि मारुति कंपनी द्वारा स्विफ्ट कार की टंकी 42 लीटर का ही बनाया गया है। कार की टंकी में पहले से भी लगभग 10 लीटर पेट्रोल मौजूद था। मामले को लेकर ग्राहकों ने पंप संचालक व कर्मियों पर तेल कम देने का आरोप लगाते हुए हो-हंगामा किया। पंप संचालक के पुत्र के अभद्र व्यवहार से ग्राहक और उग्र हो गए। मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों ने किसी तरह मामला शांत कराया। जिसके बाद कार मालिक को पंप संचालक द्वारा 10 लीटर पेट्रोल का पैसा वापस किया गया। वहीं पंप में लगाए गए सूचना पट पर अंकित एचपी के सीनियर सेल्स ऑफिसर नवीन कुमार से दूरभाष पर संपर्क साधा गया तो उन्होंने कहा कि हमारा तबादला हो चुका है।