दिव्यांगों का सहारा बना विकलांगता पुनर्वास केंद्र
कुल्लू| क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के परिसर में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित किया जा रहा जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र दिव्यांगों के लिए एक वरदान साबित हो रहा है। यह केंद्र दिव्यांगजनों का एक मजबूत सहारा बनकर उभरा है। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी और स्वास्थ्य विभाग के सामूहिक प्रयासों से इस केंद्र में एक ही छत के नीचे फिजियोथैरेपी के अलावा कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अभी तक लगभग 2564 विकलांग, बुजुर्ग व अन्य लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा चुके हैं। करीब 200 विकलांगों को इस केंद्र के माध्यम से आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष यूनुस ने बताया कि जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र में 1155 लोगों की फिजियोथैरेपी, 36 दिव्यांगों की स्पीच थैरेपी और 157 की आॅडियोमिट्री की गई। 114 दिव्यांगों को व्हील चेयर्स, क्रचेज और स्टिक्स इत्यादि उपलब्ध करवाई गई हैं। पुनर्वास केंद्र में कृत्रिम अंगों की वर्कशाॅप भी स्थापित की गई है। सुंदरनगर के बाद यह हिमाचल प्रदेश की दूसरी वर्कशाॅप है और इसमें दिव्यांगों को मौके पर ही कृत्रिम अंग लगाए जा रहे हैं। यहां क्लीनिकल साइकोलाॅजी के अंतर्गत 173 लोगों की काउंसिलिंग की गई है।