महिलाओं ने बस में जा रहे व्यक्ति से लूटा बैग, 23 हजार लेकर भागी
ऊना से कुल्लू जा रही एक निजी बस में बैठे एक व्यक्ति के हैंड बैग से तीन महिलाओं ने 23 हजार रुपए निकाल लिए हैं। महिलाओं द्वारा बैग से पैसे निकालने की क्षेत्र में पहली घटना है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
मुंडखर निवासी श्रीराम ने बताया कि वह ऊना से कुल्लू वाया कलखर होकर जा रही एक निजी बस में मुंडखर से जाहू के लिए बैठा था। वह बस में पिछली सीट पर बैठ गया और इसी सीट पहले से ही तीन महिलाएं भी बैठी हुई थी और उनके पास बड़े-बड़े बैग थे। उन्होंने बताया कि जब जाहू के कांगड़ा बैंक में पैसे जमा करवाने के लिए फार्म भरने के बाद बैग से रुपए निकालने लगा तो गायब थे। जब बस के कंडक्टर से पता किया तो उन्होंने बताया कि तीनों महिलाएं भोटा से जाहू के लिए बैठी थीं और जाहू बस स्टैंड़ में उतर गई हैं। जाहू में चारों ओर ढूढने पर महिलाओं का कोई पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि दुकानदार ने 23 हजार कमरे किराए के दिए थे, जिन्हें बैंक में जमा करवाना था, लेकिन महिलाओं ने लूट लिए।