भाजपा की जनविरोधी नीतियों को लेकर कांग्रेस ने किया मंथन
कुल्लू| जिला लाहौल स्पीति कांग्रेस कमेटी की बैठक मुख्यालय केलांग में रविवार को पार्टी अध्यक्ष ज्ञाल्सन ठाकुर की अध्यक्षता में की गई। पार्टी प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि बैठक में बीजेपी सरकार में महिलाओं पर तेजी से बढ़ रहे अत्याचार, महंगाई और एससीएसटी एक्ट में आरक्षण के खिलाफ भाजपा की नीतियों का जम कर विरोध किया गया। इस दौरान जिला में संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी में ऐसे कार्यकर्ताओं को भार मुक्त करने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी देने पर भी विचार किया गया।
अध्यक्ष ज्ञाल्सन ठाकुर ने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी में ब्लॉक स्तर से डीसीसी तक पदाधिकारियों का बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि आगामी 15 मई को जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में पार्टी में नए लोगों को नई जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श व उनकी सलाह से ये निर्णय लिया जाएगा। बैठक में पीसीसी के सचिव नोरबू बोध ने कहा कि पार्टी के भीतर विस चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने वालों को पार्टी हाईकमान ने उन को इस कि सजा दे दी है। अब जिला में संगठन को मजबूत करने के लिए गुट बाजी जैसी बातों को जड़ से खत्म करने की जरूरत है हम सब को पार्टी विचारधारा को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होने की जरूरत है। केलांग ब्लॉक अध्यक्ष नोरबू पांस ने भी बैठक में अपने विचार रखे।