सोनम चौधरी व सोहन सागर के नाम रही अंतिम संध्या
रिवालसर: बैसाखी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते कलाकार।
रिवालसर | त्रिवेणी धर्म स्थली रिवालसर में प्रसिद्ध बैशाखी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या हिमाचल की आवाज मिस सोनम चौधरी व सोहन सागर के नाम रही। संध्या में कलाकारों ने अपनी कला का जादू बिखेरकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के लोग बैशाखी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पहुंचे हुए थे। इससे दर्शकों की भीड़ से पिछले सारे रिकॉर्ड टूटे। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में यूनिटी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डीडी शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को बधाई देते हुए अपनी तरफ से 11000 रुपए नकद दिए। अंतिम सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत वॉइस ऑफ कार्निवाल कुलदीप कुमार ने ‘शोहनी लगदी ओ मिंजो शोहनी लगदी’ गाने से की। डिंपल शर्मा ने सदाबहार हिंदी गाने गाकर लोगों का मनोरंजन किया। हास्य कलाकार सरदार हरबंस अरोड़ा ने भी दर्शकों को खूब हंसाया। कुल्लू के वॉइस ऑफ सैंज सोहन सागर ने अपनी धमाके दार प्रस्तुतियों में ‘मेरे सपनों की रानी’, ‘आने से उसके आये बहार’, ‘ढुघे नालुये, लछि लछि लोक गलादें’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर विवश हो गए।