22 अप्रैल तक प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी करेंगे स्कूल बसों का निरीक्षण
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत 23 से 30 अप्रैल तक कुल्लू जिला में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के दौरान आम लोगों विशेषकर युवाओं, वाहन मालिकों व चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें यातायात नियमों से अवगत करवाया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त यूनुस ने परिवहन विभाग व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि 23 अप्रैल को जागरुकता रैलियों के साथ ही इस अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। 24 अप्रैल को विद्यार्थियों के लिए चित्रकला व नारा लेखन प्रतियोगिता करवाई जाएगी। 25 अप्रैल को वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। 26 अप्रैल को स्कूलों और कालेजों में विशेष जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 27 अप्रैल को आम जनता के बीच सड़क सुरक्षा की व्यापक जानकारी दी जाएगी। 28 अप्रैल का दिन पैदल चलने वाले लोगांे के लिए समर्पित रहेगा तथा उन्हें विभिन्न नियमों से अवगत करवाया जाएगा। 29 अप्रैल को यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी वाहनों का व्यापक निरीक्षण करेंगे। अभियान के अंतिम दिन 30 अप्रैल को जिला मुख्यालय में पुरस्कार वितरण के साथ ही विभिन्न जागरुकता कार्यक्रमों का समापन होगा। उपायुक्त ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह से पहले 16 से 22 अप्रैल तक स्कूल बसों के निरीक्षण के लिए व्यापक मुहिम चलाई जा रही है। आरटीओ, एसडीएम, सहायक आयुक्त और पुलिस के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूली बसों के निरीक्षण के आदेश दिए गए हैं। बैठक में आरटीओ डा. सुरेश जसवाल ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायतीराज, नेहरू युवा केंद्र और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।