कुल्लू| उपायुक्त यूनुस ने कुल्लू जिला के सभी वरिष्ठ नागरिकों से जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से आरंभ किए गए ‘एहसास’ कार्यक्रम का भरपूर लाभ उठाने की अपील की है। जिला स्तरीय बंजार मेले के चौथे दिवस पर कला केंद्र में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए यूनुस ने बताया कि जिला में 60 वर्ष से अधिक आयु के लगभग चालीस हजार लोगों की सुविधा के लिए ही रेडक्रॉस सोसाइटी ने यह कार्यक्रम आरंभ किया है। उपायुक्त ने कहा कि जिला में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और महिला सशक्तिकरण की विभिन्न योजनाओं को गति प्रदान करने के साथ-साथ महिलाओं के मासिक धर्म से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने के लिए कुल्लू जिला में नारी गरिमा कार्यक्रम भी आरंभ किया गया है।