कुल्लू | देश और दुनिया की पसंदीदा सैरगाह रोहतांग दर्रा घूमने के लिए सैलानियों को प्रशासन ने अनुमति दे दी है और अब सैलानी रोहतांग दर्रा का दीदार कर सकेंगे। बर्फ की सफेदी में ढके रोहतांग दर्रा को निहारने के लिए सैलानी काफी समय से रोहतांग के दीदार को बेताब थे जिसके चलते जिला प्रशासन ने अब सैलानियों को रोहतांग जाने के लिए अनुमति दे दी है। डीसी यूनुस ने बताया कि शनिवार से रोहतांग दर्रा को सैलानियों के लिए खोल दिया है। उन्होंने कहा कि सैलानी वाहनों का ऑनलाइन परमिट लेकर रोहतांग दर्रा जा सकते हैं। रोहतांग दर्रा जाने के लिए 500 रुपए परमिट फीस और 50 रुपए कंजप्शन चार्ज लिए जा रहे हैं। जिसके चलते परमिट मिलने पर सैलानी रोहतांग दर्रा की सैर कर सकते हैं। रोहतांग दर्रा में अब तक 150 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था कर दी है जबकि इसके अलावा मढ़ी में 200 से अधिक और गुलाबा में भी 200 वाहनों के पार्क करने की व्यवस्था की जा चुकी है। एनजीटी के आदेश पर रोहतांग के लिए हर दिन 1200 वाहनों के परमिट ही जारी होंगे और उनमें 800 पेट्रोल और 400 डीजल के वाहन शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा रोहतांग के लिए 100 स्पेशल परमिट जारी करने का भी प्रावधान है।