दो दिनों से उदयपुर किलाड़ मार्ग यातायात के लिए बंद
कुल्लू | जनजातीय जिला लाहौल स्पीति और चंबा के किलाड़ क्षेत्र को आपस में जोड़ने वाला उदयपुर-किलाड़ मार्ग यातायात के लिए पिछले दो दिनों से बंद पड़ा हुआ है। इस मार्ग में भूस्खलन होने के कारण दो पुलों को क्षति पहुंची है और मार्ग पर मलबा गिरा है। हालांकि दो दिनों के भीतर बीआरओ के जवानों ने सड़क पर गिरा मलबा काफी हद तक हटा दिया है लेकिन पुलों को अभी तक वाहनों की आवाजाही के लिए दुरुस्त नहीं किया जा सका है। अभी तक वाहनों की आवाजाही उदयपुर और किलाड़ के बीच बंद पड़ी हुई है। आवासीय आयुक्त पांगी रोहित राठौर ने बताया कि काफी हद तक मार्ग पर गिरे मलबे को हटा दिया है और पुलों की मरम्मत करना बाकि है पुलों की मरम्मत पूरी होते ही वाहनों की आवाजाही इस मार्ग में आरंभ हो जाएगी।