धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन संस्कृति के प्रतीक: रामस्वरूप
अधिष्ठाता देवता श्रृंगा ऋषि के आगमन से जिला स्तरीय बंजार मेले का आगाज हो गया है। श्रृंगा ऋषि अपनी चैहणी कोठी से पूरे लाव लश्कर के साथ बंजार पहुंचे। ऋषि दो दिन पूर्व स्कीर्ण कंढा के लिए पवित्र शक्तियां अर्जित करने गए थे और वहां से अपने देवालय लौटने के बाद ऋषि बंजार मेले में शिरकत करने पहुंच गए हैं। उनके अलावा मार्कंडेण्य ऋषि व त्रिपुरा वाला सुंदरी वलागाढ़, देवता लक्ष्मीनारायण बाहू, देवता शेषनाग जिभी, ईश्वर महादेव पलाहच, देवता बुंगड़ महादेव देऊठा, माता बूढ़ी नागिन घियागी आदि प्रमुख देवी देवता भी अपने हारियानों के साथ वाद्य यंत्रों की थाप पर बंजार मेले की शोभा बढ़ाने पहुंच गए हैं। मेले के आगमन पर भव्य देव मिलन देखने को मिला जिसके हजारों लोग गवाह बने। अब ये देवी देवता पांच दिनों तक बंजार मेले की शोभा बढ़ाएंगे।
सांसद रामस्वरूप ने किया मेले का आगाज: सांसद रामस्वरूप शर्मा ने जिला स्तरीय मेले का विधिवत उद्घाटन किया। मेला मैदान के कला केंद्र में बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों को मेले की बधाई देते हुए रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि इस तरह के धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति के प्रतीक होते हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी हमारी लोकसंस्कृति से रूबरू होती है। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला के लोगों ने आज भी अपनी पुरानी लोकसंस्कृति को संजोकर रखा है जोकि बहुत ही सराहनीय है। इस मौके पर बंजार विधानसभा क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और जलोड़ी दर्रे के नीचे सुरंग के निर्माण से यहां पर्यटन उद्योग का व्यापक विस्तार होगा। उन्होंने बताया कि जलोड़ी सुरंग का कार्य आरंभ करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार सभी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। यह सुरंग बंजार और आनी विस क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में पर्यटन उद्योग के विस्तार में एक मील का पत्थर साबित होगी।
बंजार का हो रहा है विकास: शौरी : सांसद का स्वागत करते हुए विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बंजार क्षेत्र के चंहुमुखी विकास के लिए वह तेजी से कार्य कर रहे हैं और आने वाले दिनों में क्षेत्र के लिए कई बड़ी योजनाएं मंजूर करवाई जाएंगी। जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर मेला कमेटी की अध्यक्ष अनीता देवी ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा मेले के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उद्घाटन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, एसडीएम एमआर भारद्वाज, बीडीसी अध्यक्ष हेतराम, नगर पंचायत अध्यक्ष कुंजलाल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
मेले का उद्घाटन करने से पहले सांसद रामस्वरूप शर्मा ने तीर्थन घाटी में लगभग 6 करोड़ की लागत से बनने वाली बठाहड़-शिल्ह शरूंगर सड़क का भूमि पूजन किया।