पंचायत में विकास कार्य रुकवाने के अारोप
भास्कर न्यूज | कुल्लू
ग्राम पंचायत शमशी के सचिव की पंचायत के लोगों ने डीसी से शिकायत की है। पंचायत की ओर से उपप्रधान एवं कार्यकारी प्रधान आलम चंद ने पंचायत वासियों की ओर से शिकायत डीसी कुल्लू को सौंपी है। डीसी को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 18 अप्रैल को हुई ग्राम सभा की बैठक से भी पंचायत सचिव उठकर चला गया। जबकि ग्राम सभा की बैठक में उससे हिसाब मांगा जा रहा था लेकिन वह बिना हिसाब दिए ही बैठक को अधूरा छोड़ चलता बना। इसकी शिकायत जिला पंचायत अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को भी दी थी लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा, अब डीसी कुल्लू को शिकायत लिखकर इस मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है। कार्यकारी प्रधान आलम चंद ने बताया कि जब उक्त सचिव से हिसाब मांगा जाता है तो सचिव धमकियां देने लगता है। यहां तक कि कागजी कार्रवाई में फंसा देने की भी धमकी दे रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत सचिव के इस तरह के व्यवहार के कारण पंचायत में विकास कार्य रुके हुए हैं और जो कार्य प्रगति पर भी थे वे भी रुक गए हैं। आने वाले समय में होने वाले विकास कार्यों को लेकर भी न तो एस्टीमेट दे रहा है और न ही निर्माण सामग्री दे रहा है जिसके चलते तमाम कार्य रुके हुए हैं। जिन कार्यों के लिए मैटीरियल लाया गया है वह भी खराब हो रहा है। उन्होंने डीसी कुल्लू से मांग की है कि इस मामले में उचित दिशा निर्देश देकर पंचायत के विकास कार्यों को सुचारू करवाने की मांग की है।