लाहौल दौरे पर पहुंचने पर कृषि मंत्री राम लाल मारकंडा लोगों की समस्याएं सुनी।
कुल्लू| कृषि, सूचना प्रोद्यौगिकी एवं जनजातीय विकास मंत्री डाॅॅ. राम लाल मार्कंडा अपने पांच दिवसीय प्रवास पर लाहौल घाटी पहंुचे। डाॅ. राम लाल मारकंडा के प्रवास के पहले दिन कोकसर पहुंचने पर उनका रीति रिवाज के साथ स्वागत किया गया और उन्होंने वहां के लोगों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के आदेश भी दिए। डाॅ. राम लाल मारकंडा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार 2022 तक किसानों की आय को दुगुना करने पर कार्य कर रही है तथा इस संदर्भ में कई योजनाएं कार्यान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए पुरानी कूहलों का नवीनीकरण किया जाएगा तथा नई कूहलों का निर्माण भी किया जाएगा जिस पर आगामी पांच वर्षों में 150 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी। डाॅ. राम लाल मार्कंडा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा इसके लिए 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि उपकरणों की खरीद पर रखी गई। साढ़े बारह बीघा जमीन की शर्त को हटा दिया गया है।
उन्होंने किसानों से अाह्वान किया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और आधुनिक तरीके से खेती करें। उन्होंने कहा कि लाहौल के किसान काफी मात्रा में नगदी फसलें उगाते हैं तथा इनके उत्पादों का सही दाम मिले इसके लिए कारगा में शीघ्र ही सब्जी मंडी खोल दी जाएगी जिसकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। इसके अतिरिक्त घाटी के विभिन्न स्थानों पर भविष्य में उप-सब्जी मंडियां भी खोली जाएंगी।