शैक्षणिक माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई: बीईओ
निरसा अंचल तीन के बीईओ रीणा झा ने मंगलवार को शिवलीबाड़ी मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया। मध्याह्न भोजन, पेयजल, शौचालय व कमरों की स्थिति का जायजा लिया। पठन पाठन की व्यवस्था से संतुष्ट दिखी। कुछ कमी दिखी जिसे दूर करने को कहा गया। पठन पाठन के दौरान गेट बंद रखने का निर्देश दिया। बेवजह स्कूल में लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिक्षकों को भी हिदायत देते हुए कहा कि पढ़ाई में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बता दें कि पोटारी मवि से कक्षा छह, सात व आठ को शिवलीबाड़ी मवि में शिफ्ट कर दिया गया है। इसका जमकर विरोध हो रहा है। बच्चे उस स्कूल में जाना नहीं चाहते हैं। आरोप है कि वहां ठीक से पढ़ाई नहीं होती है। मध्याह्न भोजन भी नहीं मिलता है। पठन-पाठन के समय असामाजिक तत्व स्कूल में प्रवेश करते हैं। असुरक्षित महसूस करते हैं। शिकायत के आलोक में ही बीईओ झा ने स्कूल का निरीक्षण किया। इधर, शिफ्ट किए गए आधे से अधिक बच्चे मंगलवार को भी स्कूल नहीं गए।