हाई स्कूल कुमारधुबी के सभागार में जानलेवा मिजिल्स और रुबेल रोग पर जागरूकता के लिए मध्य विद्यालय के हेडमास्टरों को शनिवार को प्रशिक्षण दिया गया। निरसा के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एसके गुप्ता ने कहा कि यह रोग बड़ी तेजी से देश में फैल रहा है। इस जानलेवा बीमारी को रोकना जरूरी है। इसलिए राज्य सरकार ने लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में स्कूल के हेडमास्टरों के साथ बैठक कर इस बीमारी के बारे में जानकारी दी जा रही है। डॉ सिंह ने बताया कि मिजिल्स व रुबेल दोनों संक्रामक है, जो छुआछूत से फैलता है। इसको रोकने के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। सभी हेडमास्टरों को निर्देश दिया गया है कि 26 जून को अपने स्कूल में अभिभावक के साथ बैठक कर जानकारी देंगे। उसके बाद नौ माह से लेकर 15 वर्ष के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। पहले चरण में दो सप्ताह के लिए स्कूलों में टीकाकरण अभियान चलेगा। इसके बाद दो सप्ताह के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में तथा अंत में घर-घर जाकर छूटे हुए सभी बच्चों को टिका दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बीईओ रीना झा, 20 सूत्री अध्यक्ष संजीव पांडेय, धनेश्वर कुमार, प्रमोद झा, दीपक शर्मा, शमशेर अंसारी, सुरेंद्र कुमार वर्मा, रेणुका मिश्रा, झरना सरकार, दिलीप पासवान सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।