एग्यारकुंड प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय पोटारी के कक्षा छह से आठ का विलय मध्य विद्यालय शिवलीबाड़ी में किए जाने के विरोध में शुक्रवार को विद्यार्थियों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम किया। आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने स्कूल के तीन शिक्षक को भी बंधक बना मेनगेट में ताला जड़ दिया। पढ़ाई छोड़ देंगे पर स्कूल नहीं छोड़ेंगे का नारा लगाते बच्चे कड़ी धूप में शैक्षणिक करणद्धारों को कोसते रहे। करीब एक घंटे तक बीईओ, बीडीओ और पुलिस के नहीं पहुंचने पर बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा। नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर गए और रोड को जाम कर दिया। इस दौरान एक घंटे तक यातायात पूरी तरह से ठप कर दिया। आंदोलन में बच्चों के साथ अभिभावक एवं स्थानीय लोग भी शामिल थे। झामुमो नेता अशोक मंडल एवं कांग्रेस नेता सुरेश चंद्र झा ने भी आंदोलन में बच्चों का साथ दिया। कहा कि बच्चों की मांग जायज है। सूचना पर ओपी प्रभारी गिरिशदेव पांडेय के नेतृत्व में कुमारधुबी पुलिस मौके पर पहुंची। अभिभावकों व बच्चों को समझाकर रोड जाम हटाया। साथ ही स्कूल गेट का ताला खुलवा शिक्षकों को मुक्त कराया। ओपी प्रभारी पांडेय ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि जबतक शिक्षा विभाग कोई निर्णय नहीं ले लेती बच्चे इसी स्कूल में पढ़ेंगे। इसके बाद आंदोलन वापस ले लिया गया।
सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन करते स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे।
नियम के विरुद्ध कक्षाओं को किया गया शिफ्ट:किस्कू
स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक विष्णुलाल किस्कू ने कहा कि नियम के विरुद्ध कक्षाओं को शिफ्ट किया गया है। इसका बच्चे और अभिभावक विरोध कर रहे हैं। झामुमो नेता अशोक मंडल ने भी बच्चों की शिफ्टिंग को गलत ठहराया। कहा कि जहां बच्चों की संख्या कम है। वहां के बच्चों को शिफ्ट करना चाहिए था। स्कूली बच्चों ने कहा कि वे लोग किसी भी सूरत में मवि पोटारी को छोड़कर नहीं जाएंगे। अभिभावकों का कहना था कि मवि शिवलीबाड़ी में बच्चों की संख्या लगभग दस ही है,जबकि मवि पोटारी में सैकड़ों बच्चे अध्ययन रात हैं। इस स्थिति में मवि शिवलीबाड़ी के ही बच्चों को शिफ्ट करना चाहिए। इस दौरान बच्चोें ने जमकर नारेबाजी की।