पुलिस की पिटाई से घायल युवक ने दम तोड़ा
भरतपुर | पुलिस की मारपीट से घायल युवक ने करीब डेढ़ माह बाद दम तोड़ दिया, जिसका शनिवार को आरबीएम अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि पुलिस के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, बेड़िया बस्ती पार बगधारी में पुलिस की दबिश के दौरान भागते समय हुई दुर्घटना का मामला है। गांव चिमनी सीह कुम्हेर निवासी िश्वेंद्र पुत्र महेंद्र की जयपुर में उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई थी। शनिवार सुबह सेवर थाना एसएचओ रामनिवास मीणा ने मेडिकल बोर्ड से मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। एसएचओ मीणा का कहना है कि 22 फरवरी को पुलिस पर मारपीट कर घायल करने का मामला सेवर थाना में दर्ज कराया गया था। घायल विश्वेंद्र के सिर में गंभीर चोट होने पर परिजनों ने आरबीएम अस्पताल से रैफर होने पर जयपुर के निजी अस्पताल में इलाज कराया। उन्होंने कहा कि पुलिस पर मारपीट का आरोप झूठा है, पुलिस इतना गंभीर क्यों मारपीट करेगी। उसके सिर में गंभीर चोट थी, जो दुर्घटना में ही आ सकती है। असल में उसके चोट पुलिस की दबिश के दौरान बाइक सहित भागने के दौरान हुई दुर्घटना में पहुंची थी।
बेड़िया बस्ती में डेढ़ महीने पहले की घटना, दुर्घटना में हुआ था घायल : पुलिस