सड़क निर्माण की धीमी गति से आमजन को आ रही परेशानी
भरतपुर| एक दशक से खस्ताहाल कुम्हेर गेट चौराहा से अखड्ड तिराहा तक की सड़क का निर्माण कार्य लंबे इंतजार के बाद पिछले साल 29 सितंबर को शुरू हुआ। लेकिन निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार आमजन के लिए आफत बन गई है। निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाए जाने के कारण न केवल इस मार्ग के दोनों ओर के सैकड़ों व्यापारी अपितु इधर उधर कालोनियों में रहने वाले लोगों को आवागमन में बेहद परेशान होना पड़ रहा है।
इसके अलावा कुम्हेर गेट बाहर स्थित श्मशान घाट के सामने करीब 400 मीटर मुख्य मार्ग पर पानी जमा होने के कारण लोगों को खासी परेशानी हो रही है। वहीं अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को भी कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। बताते चलें कि यूआईटी की ओर से यहां आरसीसी की सड़क बनाई जा रही है। 4 करोड़ 5 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 1165 मीटर लंबी इस सड़क के बीच 1 मीटर चौड़ा व दो फुुट ऊंचा आरसीसी का डिवाइडर भी बनाया जाएगा। वहीं डिवाइडर के दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी व 1 फुट मोटी आरसीसी की सड़क बनाई जाएगी।
इसके अलावा सड़क के दोनों तरफ 1.5- 1.5 मीटर चौड़ाई में इंटरलॉक टाइल्स लगाई जाएंगी। इस संबंध में यूआईटी के जेईएन प्रवीन कुमार ने बताया कि बारिश होने के कारण सड़क पर पानी जमा हो गया है। जिसे निकाला जा रहा है। वहीं मई माह के अंत सड़क निर्माण पूरा करा लिया जाएगा।
यूआईटी बनवा रही है कुम्हेर गेट चौराहा से अखड्ड तिराहा तक आरसीसी सड़क, साढ़े चार माह से चल रहा है काम