शहर के राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित एक दुकानदार ठगी का शिकार हो गया। इस ठगी के संबंध में पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्थानीय विश्वकर्मा सभा के प्रधान और दुकानदार निर्मल सिंह कलसी ने बताया कि आज एक इनोवा गाड़ी में सवार व्यक्ति उसके पास आया। उक्त व्यक्ति ने पहले उसके कैनेडा रहते पुत्र सहित अन्य बाते करके उसको यह भरोसा दिला दिया कि वह उनका काफी पुराना जान पहचान वाला है। उसने बताया कि बातचीत करने के बाद उक्त व्यक्ति गाड़ी में सवार होकर जाने लगा। लेकिन, एक बार फिर नीचे उतर कर उसके पास आ गया और गाड़ी में पैट्रोल कम होने की बात कह कर पैसे मांगने लगा। निर्मल सिंह कलसी ने बताया कि उसने गोलक में से 2 हजार रुपए का नोट निकाल कर उसको पकड़ा दिया। लेकिन, उक्त व्यक्ति ने गोलक में पड़े और रुपए देखकर सारे रुपए देने के लिए कहा और भरोसा दिया कि उसका लड़का चंडीगढ़ से पैसे लेकर आ रहा है तथा थोड़ी देर में ही वह सारे रुपए वापस भी कर देगा।
निर्मल कलसी ने बताया कि उक्त व्यक्ति उससे 8 हजार रुपए लेने में सफल हो गया। जब कई घंटे तक वह रुपए लेकर वापस नहीं आया तो उसने अपने पुत्र के साथ सारी बातचीत की। इसी दौरान उसके पुत्र ने दुकान पर आकर जब सीसीटीवी कैमरों की रिकाॅर्डिंग देखी तो वह व्यक्ति कोई जान पहचान वाला नहीं था। कैमरों की रिकाॅर्डिंग देखकर वे समझ गए कि वह व्यक्ति कोई ठग था। जो जान पहचान का झांसा देकर 8 हजार रुपए की ठगी मार कर फरार हो गया।
कुराली में सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ ठग का फोटो।